प्रशासन की लापरवाही किसी दिन बड़ी दुर्घटना का बन सकती है कारण
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद के अकबरपुर ब्रिज के नीचे स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तरफ वंदे भारत एक्सप्रेस और दूसरी ओर कोटा–पटना ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान कई बच्चे रेलवे ट्रैक के बीच फंसे नजर आए।स्थिति इसलिए और गंभीर हो गई क्योंकि ठीक उसी समय पास स्थित सेंट पीटर्स स्कूल की छुट्टी हुई थी, जिससे बड़ी संख्या में बच्चे क्रॉसिंग के आसपास मौजूद थे। स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अकबरपुर ब्रिज के नीचे बनी यह क्रॉसिंग लंबे समय से खतरनाक साबित हो रही है, लेकिन अब तक न तो स्थायी बैरिकेडिंग की गई और न ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती।
लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से मांग की है कि स्कूल छुट्टी के समय विशेष निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और वैकल्पिक सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान खतरे में न पड़े।