बोगस फर्मों के सहारे करोड़ों की जीएसटी चोरी, फर्जी इनवॉइस व ई-वे बिल से स्क्रैप ढुलाई करता ट्रक चालक गिरफ्तार
देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले में पुलिस को सफलता मिली है। कन्धरापुर थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण के तहत लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त को प्रयागराज के टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया है। मामला फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए स्क्रैप के अवैध परिवहन से जुड़ा है।
थाना कन्धरापुर पुलिस ने जीएसटी चोरी के अभियोग में वांछित अभियुक्त वेदवीर पुत्र सेवक राम को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को हण्डिया टोल प्लाजा पर की गई। अभियुक्त ग्राम महमदपुर अमिलईया, थाना जहानागंज, जिला फर्रुखाबाद का निवासी है।
यह मामला दिनांक 03 सितंबर 2025 का है, जब राज्यकर सचल दल आजमगढ़ द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास जांच के दौरान आयरन स्क्रैप से लदे दो वाहनों को रोका गया था। जांच में सामने आया कि अस्तित्वहीन व बोगस फर्मों के नाम पर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल जारी कर Old Iron Tin Tapper Scrap का परिवहन किया जा रहा था। यह कृत्य जीएसटी अधिनियम-2017 की धारा 31, नियम 46, ई-वे बिल नियम 138 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत दंडनीय पाया गया।
विवेचना में विद्या ट्रेडर्स (रायपुर, छत्तीसगढ़), अविराज ट्रेडिंग (शिमला, हिमाचल प्रदेश) और मुनि जी ट्रांसपोर्ट कंपनी (पटना, बिहार) की संलिप्तता पाई गई। आरोप है कि संगठित रूप से जीएसटी पंजीयन व सरकारी प्रपत्रों का दुरुपयोग कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इस संबंध में थाना कन्धरापुर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह ट्रक का चालक था और माल उतारने के बाद स्क्रैप लोड कर पंजाब ले जा रहा था। रास्ते में आजमगढ़ के पास जीएसटी टीम द्वारा वाहन पकड़ा गया था। विवेचना के दौरान बीएनएस की कई धाराओं में अपराध के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।