देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी और नकबजनी जैसे जघन्य अपराधों में शामिल, गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना दीदारगंज पुलिस द्वारा वाहन चोरी व नकबजनी जैसे जघन्य अपराध कारित करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट में वांछित ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में 31 जनवरी को प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश द्वारा लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोप था कि अभियुक्तगण भौतिक व आर्थिक लाभ के उद्देश्य से संगठित रूप से वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे, जिससे आमजनमानस में भय का माहौल बना हुआ था और लोग पुलिस को सूचना देने तथा न्यायालय में गवाही देने से डरते थे। इस मामले में थाना दीदारगंज पर उत्तर प्रदेश गिरोह बन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसमें ग्राम आमगांव निवासी बीरु कुमार पुत्र फिरन्ती, शनि गौतम पुत्र लालचन्द और जय कुमार गौतम पुत्र दलसिंगार नामजद थे।
मुकदमे में अभियुक्त बीरु कुमार फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह मय हमराह क्षेत्र में भ्रमणशील थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सुघरपुर बॉर्डर तिराहा पर मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस को देखते ही अभियुक्त भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बीरु कुमार पुत्र फिरन्ती, निवासी ग्राम आमगांव, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ बताया।
अभियुक्त के खिलाफ थाना दीदारगंज व सिधारी में वाहन चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट व गैंगेस्टर एक्ट सहित कुल पांच मामलों में मुकदमा दर्ज है।