देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को मिट्टी का टीला भसकने से बड़ा हादसा हो गया। घरेलू जरूरत के लिए मिट्टी खोदने गईं छह महिलाएं मलवे के नीचे दब गई। समाचार लिखे जाने तक तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए थे। वहीं, हादसे में दो घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला की तलाश जारी रही।
जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सफेद मिट्टी लेने के लिए बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव निवासी सदिकुनिषा उम्र 35 वर्ष, अमीषा खातून उम्र 35 वर्ष व सीता उम्र 30 वर्ष निवासीगण किरवानी के साथ ही तीन अन्य महिलाएं गई हुई थी। बताया जा रहा है कि मिट्टी खोदते हुए सुरंग बनाकर टीले के नीचे जैसे ही महिलाएं पहुंची कि अचानक टीला (ढीहा) ढह गया और अंदर खोदाई कर रही सभी महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने दो महिलाओं को घायलावस्था में बाहर निकाला। इसी बीच पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से काफी प्रयास के बाद मलबे के नीचे से सदिकुनिषा, अमीषा खातून और सीता के शव को बरामद कर अंत्य परीक्षण के लिए दुद्धी अस्पताल भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक एक अन्य महिला की तलाश जारी रही। उधर घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के साथ दुद्धी एसडीएम मौके पर पहुंच कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि म्योरपुर के केरवानी गांव में मिट्टी की खोदाई के दौरान टीला भसकने से पांच महिलाएं उसके नीचे दब गई थी। दो महिलाओं को घायलावस्था में बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन महिलाओं के शव बरामद किए गए हैं। रेक्स्यू अभियान जारी है।
.jpg)