देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोमवार को समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
अभियान के दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के सरल उपाय, महिला
उत्पीडन से संबंधित विधिक प्रावधानों, हेल्पलाइन सेवाओं एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ओटीपी साझा न करने के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। पुलिस कर्मियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसी कम में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में एसिड, तेजाब विक्रय करने वाली दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों को एसिड विक्रय से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा बिना वैध अभिलेख, पहचान पत्र के एसिड विक्रय न करने के निर्देश दिए गए। दुकानों के रजिस्टर, स्टॉक विवरण एवं सीसीटीवी व्यवस्था की जांच की गई। आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
