आमिर, देवल ब्यूरो ,उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में ‘न्याय समागम-2026’ अंतर्गत जौनपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पुलिस लाइन परिसर में मेगा/वृहद विधिक सहायता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक निःशुल्क न्यायिक एवं विधिक सहायता, परामर्श और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला प्राधिकरण सुशील शशि के निर्देशानुसार एवं सिविल जज (सी.डी.)/सचिव जिला प्राधिकरण सुशील सिंह की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह तथा दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों का स्वागत न्यायाधीशगण व अधिकारियों द्वारा पौधा भेंट कर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं देशभक्ति गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
न्याय सभी तक पहुंचे—जनपद न्यायाधीश
जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान में निःशुल्क न्यायिक एवं विधिक सहायता की स्पष्ट परिकल्पना की गई है। न्यायपालिका और जिला प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि शासन की योजनाओं का लाभ उन वंचित लोगों तक भी पहुंचे, जो अब तक इनसे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक परामर्श के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी का दायित्व है।
समन्वित प्रयासों से योजनाओं का लाभ—जिलाधिकारी
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद में न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सरलता से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जनपद न्यायाधीश के नेतृत्व की सराहना की।
साइबर अपराध पर जागरूकता जरूरी—पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्यायिक सहायता पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सभी थानों पर ‘मिशन शक्ति केंद्र’ स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उन्हें विधिक सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही वर्तमान समय की बड़ी चुनौती साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को मिला सम्मान
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वालों एवं लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र एवं चेक वितरित किए गए।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और नगर पालिका के सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
पशुपालन विभाग की नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।
प्रोबेशन विभाग द्वारा निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत विधवा पेंशन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
कृषि, उद्यान, मत्स्य विभाग तथा सीएम युवा उद्यमी विकास योजना के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
राजस्व विभाग की कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
उज्ज्वला योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को डेमो सिलेंडर प्रदान किए गए।
पीएम आवास योजना (शहरी), केसीसी मत्स्य पालन लोन, विद्युत बिल संयोजन प्रमाण पत्र तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
प्रदर्शनी व ड्रोन प्रदर्शन बना आकर्षण
पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। कृषि विभाग द्वारा ड्रोन के माध्यम से उर्वरक छिड़काव का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।
दिव्यांगजनों को मिला सहयोग
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई तथा हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर तीन बच्चों—दिव्यांश, शिवांशी एवं आयरा—का अन्नप्राशन जनपद न्यायाधीश द्वारा कराया गया।
अंत में सचिव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, नगर निकायों के अध्यक्ष, न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, पीएलवी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।