विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया गया कार्यशाला का आयोजन
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर, उ०प्र० लखनऊ (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) विभाग द्वारा जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। एक दिवसीय कार्यशाला में रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० पी० कुँवर एवं श्री अमित सिन्हा एवं परियोजना वैज्ञानिक डा० जय कुमार मिश्रा एवं डा० अजय प्रताप सिंह द्वारा रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर में विभिन्न परियोजनाओं में रिमोट सेन्सिंग एवं जी०आई०एस० तकनीक का उपयोग करके जनपदवार तैयार किये गये डिजिटल डाटाबेस का प्रस्तुतीकरण किया गया एवं उक्त के बारे में जानकारी दी। उक्त के अतिरिक्त वैज्ञानिकों द्वारा रिमोट सेन्सिंग, जी०आई०एस० एवं जी०पी०एस० तकनीक के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई और यह बताया गया कि इस तकनीक का उपयोग कृषि, राजस्व, भू-संचय, जल-संचय, प्राकृतिक आपदा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, जल निगम, नलकूप, सड़क, वन आदि में किया जाता है एवं भुवन पोर्टल पर भी जाकर इस सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उक्त के अतिरिक्त लिडार तकनीक के बारे में भी जानकारी दी गयी। प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल (पी0एम0जी0एस0पी0) के माध्यम से विभिन्न विभागों के डाटाबेस के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में समस्त अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अधिकारी, उप निदेशक–कृषि, कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, सामाजिक वानिकी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त–एन0आर0एल०एम०, उपायुक्त मनरेगा, जल निगम, लघु सिंचाई एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा भाग लिया गया।