आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया संपूर्ण होने के उपरांत जिलाधिकारी जौनपुर की अध्यक्षता में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी दलों को अद्यतन एवं नई मतदाता सूची उपलब्ध कराई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की गई है। इस प्रक्रिया के तहत मृतक, स्थानांतरित और दोहरे नामों को हटाया गया है, जबकि पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम नई मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, कोई नया मतदाता अपना नाम जुड़वाना चाहता है अथवा किसी मतदाता को अपने नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में सुधार कराना है, तो वे ऑनलाइन माध्यम से संबंधित फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम जनता को मतदाता सूची की जांच कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि समयबद्ध रूप से ऑनलाइन आवेदन करने पर संबंधित दावों और आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार किया जाएगा।
बैठक में उप जिलाधिकारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।