देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण मार्ग (क्रिटिकल कॉरिडोर) पर सफेद पट्टी (रोड मार्किंग) लगाई। इस पहल से वाहन चालकों को लेन अनुशासन और मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिलेगी, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय ने यातायात पुलिस के समन्वय से एनएचएआई की मदद से सड़क पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य कराया। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क पर लेन अनुशासन सुदृढ़ करना और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाना है।
विशेष रूप से रात्रि समय और कोहरे के समय कम दृश्यता की स्थिति में यह रोड मार्किंग वाहन चालकों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी और आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित लेन में वाहन चलाएँ और सुरक्षित गति बनाए रखें। पुलिस लगातार ऐसे उपाय कर रही है, जिससे आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।