देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने किशोरी के अपहरण, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोप वाले मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में लिए गए हैं।
बीते तीन दिसम्बर को स्कूल जाते समय एक किशोरी को रास्ते से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की घटना सामने आई थी। इस प्रकरण में किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने और अवैध धर्म परिवर्तन के आरोप भी शामिल हैं। घटना के संबंध में थाना महराजगंज पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में रविवार को पुलिस टीम ने ग्राम बीबीगंज, थाना दीदारगंज क्षेत्र से मुख्य आरोपी इमरान उर्फ इबरान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना से जुड़े एक किशोर और 17 वर्षीय एक किशोरी को नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।