आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों की सघन तलाशी ली, जिसमें किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। इससे जेल प्रशासन की सतर्कता पर संतोष व्यक्त किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जेल की पाकशाला का भी जायजा लिया और बन्दियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल अस्पताल का भ्रमण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। बन्दियों के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात को निर्देशित किया गया कि सभी बन्दियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए तथा बीमार बन्दियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बन्दियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए जेल प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।