कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला के निर्देशन में रविवार को जनपद अम्बेडकरनगर की समस्त बाजार वाली ग्राम पंचायतों में आगामी त्योहारों, विशेषकर माघ मेला, के दृष्टिगत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत बाजार वाली ग्राम पंचायतों में स्थित मुख्य मार्गों की व्यापक साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही बाजार क्षेत्रों में एकत्रित कूड़ा-कचरा हटाया गया, नालियों एवं खुले नालों/खड़ंजों की सफाई की गई तथा शासकीय भवनों के परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित कराई गई। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर आवागमन को सुगम बनाया गया। ग्राम पंचायतों में नियुक्त सफाई कर्मियों की टीमें गठित कर सुनियोजित ढंग से साफ-सफाई कार्य संपादित कराया गया।
इस विशेष स्वच्छता अभियान के अनुश्रवण हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया। नामित नोडल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में अभियान का निरीक्षण किया गया तथा साफ-सफाई कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया गया। अभियान की प्रगति एवं कार्यों के फोटोग्राफ संबंधित ग्रुप में साझा किए गए।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) द्वारा अपने-अपने विकास खण्डों की बाजार वाली ग्राम पंचायतों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। अभियान के माध्यम से जनपद में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता अभियान को नियमित रूप से जारी रखते हुए जनसामान्य को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।