कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अपराधियों पर सख्ती बरतने के पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देशों के तहत थाना बेवाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह वारंटी अभियुक्तों को एक साथ गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक सर्वदमन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न पुराने आपराधिक मामलों में जारी गैर-जमानतीय वारंटों के आधार पर अभियुक्तों को उनके घरों से पकड़ा।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में लल्लू उर्फ उत्तम कुमार दूबे, उनकी पत्नी सुरजा देवी (निवासी संगिया नारायनपुर), चन्दराम मौर्या, उनके पुत्र दिलीप मौर्या, दिलीप की पत्नी रजनी (निवासी रामपुर जयसिंह) तथा शूकन (निवासी ग्राम मानिकपुर) शामिल हैं। ये सभी अभियुक्त वर्षों से फरार चल रहे थे और विभिन्न मुकदमों में वांछित थे, जिनमें मारपीट, अपमानजनक शब्द, दंगा, संपत्ति क्षति, धमकी, चोरी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। प्रमुख मामले मु.अ.सं. 25/16 (धारा 323/504), मु.अ.सं. 42/18 (धारा 147/427/504/506/352/448) तथा मु.अ.सं. 05/2001 (धारा 379) हैं।गिरफ्तारी अभियान में उप-निरीक्षक अशोक कुमार यादव, रामाशंकर सरोज, कांस्टेबल सुनील कुमार, महिला कांस्टेबल कविता यादव और पूजा देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी अभियुक्तों को विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और फरार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। थाना बेवाना पुलिस की इस सफलता से स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।