श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं ठहराव व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ प्रयागराज माघ मेला 2026 में जाने हेतु जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं मार्गों से गुजरने वाले श्रद्धालुओं के ठहराव, आवागमन तथा अन्य समस्त आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किए जाने की दृष्टिगत प्रमुख मार्गों एवं स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शिव बाबा धाम में श्रद्धालुओं के ठहराव, ठंड से बचाव हेतु अलाव की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके उपरांत यादव नगर चौराहा, चनहा चौराहा (भीटी), महरुआ चौराहा (अकबरपुर) सहित अन्य प्रमुख मार्गों एवं स्थलों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आवागमन वाले समस्त प्रमुख चौराहों एवं स्थलों पर अलाव की व्यवस्था एवं मोबाइल टाइलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, उप जिलाधिकारी भीटी, अधिशासी अधिकारी अकबरपुर विशाल सारस्वत, क्षेत्राधिकार नगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।