18 से 20 जनवरी तक आयोजित होने वाले श्रवण धाम महोत्सव की तैयारियां तेज
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रंजीत सिंह, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ श्रवण क्षेत्र धाम का स्थलीय निरीक्षण कर आगामी श्रवण धाम महोत्सव 2026 की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने महोत्सव स्थल पर प्रस्तावित मुख्य मंच, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, टेंट व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, सुचारु आवागमन, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए।
उल्लेखनीय है कि श्रवण क्षेत्र धाम में श्रवण धाम महोत्सव 2026 का आयोजन दिनांक 18 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 तक किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां अब तीव्र गति से की जा रही हैं।