कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद अंबेडकरनगर के प्रसिद्ध एवं पौराणिक पर्यटन स्थल श्रवण क्षेत्र धाम में दिनांक 18 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले *भव्य एवं ऐतिहासिक तीन दिवसीय “श्रवण धाम महोत्सव 2026”* की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में महोत्सव के तीनों दिवस आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक कार्य के लिए अलग–अलग समितियों का गठन किया गया है। समितियों में संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए उनके दायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी समितियों को अपने–अपने कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि महोत्सव के प्रत्येक दिन प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक विभागीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रथम दिवस महिला गोष्ठी, द्वितीय दिवस किसान सम्मेलन तथा तृतीय दिवस श्रमिक एवं युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार प्रतिदिन अपराह्न 2:00 बजे से 4:00 बजे तक स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 5:00 बजे तक तमसा आरती का आयोजन किया जाएगा। सायं 5:00 बजे से 6:00 बजे तक स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा सायं 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक विशेष आकर्षण के कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें तीनों दिवस अलग–अलग विश्वविख्यात कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि महोत्सव से संबंधित समस्त तैयारियों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि महोत्सव के प्रत्येक दिवस विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव के प्रथम दिवस श्रवण धाम स्थित तमसा तट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। इसके साथ ही महोत्सव में लाइट एंड साउंड शो तथा लेजर शो भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, सहित अन्य विभागों/समितियों से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।