देवल संवाददाता, आजमगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर जिलेभर में पुलिस विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम पुलिस कार्यालय में हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्यों और राष्ट्र-निर्माण की शपथ दिलाई गई।
बुधवार को संविधान दिवस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, उसमें निहित आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों एवं मूल्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इसके साथ ही उन्होंने कर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
इधर, जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना परिसरों में उपस्थित पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी और राष्ट्र-निर्माण के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई।
