देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को दो थानों कोतवाली और सरायमीर का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने थाना कोतवाली, जबकि क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने थाना सरायमीर का निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना कार्यालय, मालखाना, कम्प्यूटर कक्ष, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, आगन्तुक पंजी, बीट पुस्तिका, अपराध रजिस्टर और GD सहित सभी अभिलेखों की विस्तार से जांच की। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए और आगन्तुकों के साथ शिष्ट व विनम्र व्यवहार अपनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता व अनुशासन व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को वर्दी में सुसज्जित रहने, समयबद्ध ड्यूटी पालन करने और जनसुनवाई में संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोनों अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
