देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से बुधवार को संविधान दिवस पर नगर में शोभा यात्रा निकाली। बाबा साहब डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लेकर नगर के हाईडील कालोनी से निकले कार्यकर्ताओं ने पूरे नगर का भ्रमण किया।
जिलाध्यक्ष रविकांत ने कहा कि आज देशभर में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने देश के सर्वोच्च कानून भारतीय संविधान को अपनाया था। इस दिन को याद करते हुए देशभर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। संदीप बौद्ध जिला संयोजक भीम आर्मी ने कहा कि भारतीय संविधान की रचना डॉक्टर बाबा साहब अम्बेडकर ने अपने अथक प्रयास से 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में करके भारत के राष्ट्रपति को सौंपा था, भारतीय संविधान गरीबों पिछड़ों शोषित वंचित समाज की उम्मीद है। बाबा साहब के योगदान को हम कभी नहीं भूल सकते। रविशंकर एडवोकेट जिला प्रभारी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारतीय संविधान का मुख्य शिल्पकार माना जाता है। डॉक्टर आंबेडकर ने देश को एक ऐसा संविधान दिया जो सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों को सर्वोच्च महत्व देता है। कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल आजाद, अखिलेश कुमार, अरुण कुमार, डॉक्टर ऋषि, डॉक्टर सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।
.jpeg)