देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना पुलिस ने सोमवार को वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के निर्देश पर जहानागंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनहुंआ नहर पुलिया के पास से हिस्ट्रीशीटर अपराधी संतोष यादव पुत्र निरंजन यादव निवासी समस्तीपुर समसुद्दीनपुर थाना जहानागंज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना जहानागंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
जहानगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, डकैती, मारपीट, पशु क्रूरता अधिनियम समेत आठ से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
