देवल संवाददाता, अतरौलिया, आज़मगढ़। शासन के निर्देशों के अनुपालन में लाउडस्पीकरों के विरुद्ध चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत अतरौलिया थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पूरे जनपद में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन सिंह एवं उपनिरीक्षक उमेश सहित पुलिस टीम ने अतरौलिया क्षेत्र के जामा मस्जिद, हनुमानगढ़ी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए अवैध या अनुमन्य सीमा से अधिक ध्वनि पर संचालित ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की। पुलिस ने ऐसे स्थलों पर शांतिपूर्वक वार्ता कर ध्वनि स्तर को कम कराया और आवश्यकतानुसार कई स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाए।
इस दौरान पुलिस ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों एवं संबंधित व्यक्तियों को शासनादेशों तथा उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र की पुलिस टीम पूरी सतर्कता के साथ अभियान में लगी रही और लोगों से सहयोग की अपील की कि वे सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की सहायता करें।
