देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के जवारीडाड़ के पास सोमवार की देर शाम सवारियों से भरी एक आटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल एक महिला समेत तीन लोगों को उपचार के लिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। आटो में करीब आठ लोग सवार रहे।
जानकारी के अनुसार ओबरा से आटो पर सवार होकर महिला समेत करीब आठ लोग म्योरपुर की तरफ जा रहे थे। जवारीडाड़ के पास पहुंचते ही आटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में आटो सवार कंशराम, मुन्नी व शारदा घायल हो गई। बाद मौके पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया।
बतादें कि जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर समेत जनपद के अन्य इलाकों से क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर आटो चालक सड़कों पर प्रतिदिन तेज रफ्तार फर्राटा भरते हैं। ओवरलोड सवारियों को ढोने से आएदिन कहीं न कहीं हादसे होते रहते है, बावजूद इसके इन वाहनों के संचालन पर अंकुश नहीं लगाया जा रहा है। रावर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग की बात करें तो इस सड़क पर सैकड़ों की तादाद में अनफिट डग्गामारों का बेखौफ संचालन हो रहा है। आरोप है कि स्थानीय थाना पुलिस को खुश कर डग्गामार वाहनों के चालक अधिक कमाई के चक्कर में अपने-अपने वाहनों पर क्षमता से अधिक ओवरलोड सवारियों को बैठाकर प्रतिदिन फर्राटा भर हैं। चल रहे इस गोरखधंधे पर अंकुश से एक तरफ जहां आएदिन हादसे हो रहे है, तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस पर तरह-तरह के आरोप लग रहे है। राहगिरों ने पुलिस अधीक्षक से इस पर हस्तक्षेप करने की गुहार लगायी है।