कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । नगर पालिका अकबरपुर के मीरानपुर में बनी सीएचसी में रोजाना बड़ी तादाद में मरीजों का आना-जाना रहता है। लगभग पांच हजार से अधिक आबादी यहां पर इलाज कराने आती है। अस्पताल जाने वाले इस मार्ग की हालत काफी खराब हो गई है। लगभग 200 मीटर सड़क गड्ढों में तब्दील है। इसमें आए दिन मरीज व आने जाने वाले लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।नगर पालिका की बदहाल सड़क को ठीक कराने के लिए वर्षों से लोग गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अस्पताल में सामान्य मरीजों के साथ गर्भवती महिलाएं भी प्रसव के लिए आती हैं, ऐसे में उनके सामने काफी समस्या होती है। इसी मार्ग पर अस्पताल में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में आला अधिकारियों का भी आना जाना रहता है। इसके बावजूद इस बदहाल मार्ग को लेकर कोई कार्रवाई नहीं कह जा रही है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार रिक्शा से अस्पताल जा रहे मरीज पलटने से घायल हो गए हैं। जिन्हें बाद में लोगों के सहयोग से अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, यह डर महिला मरीजों के सामने हमेशा बना रहता है। स्थानीय निवासी अमन, रेहान, रज्जू व मोहन ने बताया कि यह मार्ग काफी अहम है। इसमें आए लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। ईओ बीना सिंह ने बताया कि इस मार्ग को जल्द ही बनवाया जाएगा।