डीएमके ने केंद्र की भाजपा सरकार के प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल का समर्थन करने के लिए सहमति जताई है, लेकिन इसके लिए दो प्रमुख शर्तें रखी हैं।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, जब हाल ही में भाजपा ने इस मुद्दे पर डीएमके से संपर्क किया, तो पार्टी नेतृत्व ने मांग की कि संसद में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का मौजूदा प्रतिशत बरकरार रखा जाए और अगले 25 वर्षों तक सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी न की जाए।
भाजपा के संपर्क करने पर डीएमके ने रखीं दो शर्तें
डीएमके के एक वरिष्ठ नेता से पूछा गया कि क्या पार्टी सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने कहा कि हां, लेकिन इसके लिए विधेयक में 25 साल की फ्रीज और सभी राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रतिशत को बनाए रखने का प्रावधान होना चाहिए।
यह डीएमके और तमिलनाडु दोनों के लिए फायदेमंद होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा ने हाल ही में डीएमके से संपर्क किया था, सूत्र ने पुष्टि करते हुए कहा कि हां, उन्होंने संपर्क किया था और हमने उन्हें अपनी मांगें सौंप दी हैं।
क्या है संसद में डीएमके की ताकत?
लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में 8 सांसद हैं। पार्टी का हमेशा से यह कहना रहा है कि वह परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि चाहती है कि यह प्रक्रिया सभी पक्षों के लिए निष्पक्ष हो।
इससे पहले अगस्त में, डीएमके ने विधानसभा में टीवीके सरकार के उस प्रस्ताव का समर्थन किया था, जिसमें केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा सीट संख्या को 543 पर ही स्थिर रखने का आग्रह किया गया था।
सीपीएम ने डीएमके से रुख स्पष्ट करने को कहा
इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव षणमुगम ने उन खबरों पर चिंता जताई है, जिनमें कहा गया है कि केंद्र सरकार और डीएमके के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर समझौता हो गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सीपीएम की ओर से हम डीएमके से आग्रह करते हैं कि वह तमिलनाडु और दक्षिणी राज्यों के हितों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग रहे। षणमुगम ने डीएमके नेतृत्व से अपील की है कि वे अटकलों की कोई गुंजाइश छोड़े बिना परिसीमन पर अपना रुख स्पष्ट करें।
