देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) विधान सभा क्षेत्र 351 लालगंज में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को प्रभावी बनाने और नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लालगंज एसडीएम नेहा मिश्रा ने ठेकमा ब्लॉक में बैठक आयोजित की। बैठक में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारी (एडीओ), पूर्ति निरीक्षक, ग्राम प्रधान, कोटेदार, एएनएम, आशा संगिनी, ग्राम पंचायत सचिव तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया। एसडीएम ने बैठक में मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराने और उसे भरवाने की प्रतिदिन निगरानी करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर सर्वे कराने तथा पात्र युवाओं एवं अन्य छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। नेहा मिश्रा ने विशेष अभियान दिवसों पर सभी संबंधित विभागों के कर्मचारियों और ग्राम स्तर पर कार्यरत कर्मियों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सहयोगियों की एक संयुक्त सूची तैयार कर संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ साझा की जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को गति दी जा सके। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सभी विभाग सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
