फ्रांस में हाल ही में हुए हिंसक दंगों और विरोध प्रदर्शनों को लेकर अब एक चौकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। यूरोपीय संघ (EU) और फ्रांस के विदेश मंत्रालय के आंतरिक आकलनों से पता चला है कि रूस, अमेरिका के मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) आंदोलन से जुड़े अकाउंट्स और इजरायली नेटवर्क ने फ्रांस के दंगों का भरपूर फायदा उठाया।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन नेटवर्क्स का मकसद आप्रवासन विरोधी भावनाओं को भड़काना, सामाजिक दूरियों को बढ़ाना और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन की सरकार को कमजोर दिखाना था।
रूस का 'ऑपरेशन ओवरलोड'
यूरोपीय संघ की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन ओवरलोड नाम के एक गुप्त रूसी नेटवर्क ने झूठे वीडियो और फर्जी खबरें फैलाईं। इन वीडियोज में पश्चिमी देशों के जाने-माने मीडिया घरानों की नकल की गई थी, ताकि लोग इन्हें सच मान लें।
MAGA और इजरायली अकाउंट्स से करोड़ों व्यूज
फ्रांस के विदेश मंत्रालय की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूस के अलावा अमेरिका के MAGA मूवमेंट और इजरायल से जुड़े अकाउंट्स ने भी प्रवासन और कट्टरपंथ से जुड़ी कहानियों को जमकर हवा दी।
16 से 18 अक्टूबर के बीच रूस समर्थक शीर्ष 10 पोस्ट को 28 लाख व्यूज मिले।इसके अलावा अमेरिकी MAGA से जुड़े शीर्ष 10 पोस्ट को 4.9 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। वहीं इजरायल से जुड़े शीर्ष 10 पोस्ट को 3.5 करोड़ (35 मिलियन) से ज्यादा व्यूज मिले। हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि इन अलग-अलग समूहों के बीच किसी तरह की मिलीभगत के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन इन सभी ने एक ही तरह के एजेंडे को बढ़ावा दिया।
मैक्रों और रूस की प्रतिक्रिया क्या है?
मामले में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी विदेशी सूचना हेरफेर के खतरे को स्वीकार किया है, हालांकि उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनों के पीछे कोई प्रत्यक्ष विदेशी हस्तक्षेप नहीं देखा गया था। वहीं दूसरी ओर, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए फ्रांस पर ही जनता की राय को भटकाने का आरोप लगाया है।
अब जानिए क्या है 'ऑपरेशन ओवरलोड'?
गौरतलब है कि यह एक रूसी नेटवर्क है जो साल 2023 से पश्चिमी देशों की संस्थाओं और मीडिया को निशाना बना रहा है। यह नेटवर्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से विशेषज्ञों की आवाज की नकल करने, फर्जी अखबारों की हेडलाइन बनाने और झूठी खबरें फैलाने के लिए कुख्यात है।
