देवल संवाददाता, मऊ। दीपावली के पावन पर्व पर जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की पत्नी रविंदर कौर सैनी ने राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) में निरुद्ध किशोरों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने संप्रेषण गृह में उपस्थित 127 किशोरों के बीच मिठाई एवं फल वितरित कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान किशोरों ने रविंदर कौर सैनी के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा भजन सुनाकर उत्सव के माहौल को भावपूर्ण बना दिया। सैनी ने किशोरों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने तथा बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला आकांक्षा समिति की सदस्य एवं उप जिलाधिकारी सदर कुंवर सचिन सिंह की पत्नी श्रीमती जागृति सिंह भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन,मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया एवं उप जिलाधिकारी सदर कुंवर सचिन सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने किशोरों के बीच अपनत्व,उत्साह एवं खुशियों का संदेश दिया।इस अवसर पर जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष एवं सदस्य ने सभी किशोरों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में नई आशा,ऊर्जा एवं सकारात्मक बदलाव आने की कामना की।
