देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें जनपद सोनभद्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विभिन्न उत्पाद भेंट किए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री जी को ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के माध्यम से महिलाओं के हुनर, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
*सोनभद्र की प्राकृतिक संपदा और परंपरा से जुड़े हैं उत्पाद*
मुख्यमंत्री जी को भेंट किए गए ‘सोनअर्थ’ उत्पादों के पैकेट में चार प्रकार के ठेकुआ—ज्वार, रागी, कोदो एवं गेहूं से निर्मित ठेकुआ, जंगल के फूलों से प्राकृतिक रूप से एकत्रित जंगली शहद, कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा चार प्रकार के हर्बल साबुन—बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन शामिल हैं। ये उत्पाद जनपद की स्थानीय प्राकृतिक संपदा, परंपरा और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के कौशल का प्रतिनिधित्व करते हैं।
*जिला खनिज फाउंडेशन के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ को मिल रही नई पहचान*
जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विकास, लोगो निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार करने तथा उत्पादों की गुणवत्ता जांच जैसी व्यवस्थाओं को विकसित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के पारंपरिक एवं स्थानीय हुनर को एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में पहचान दिलाना, उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आय और रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है।
*4,700 से अधिक महिलाओं की विभिन्न आजीविका गतिविधियों में भागीदारी*
सोनअर्थ से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में 4,700 से अधिक महिलाओं की भागीदारी है। इनमें 1,000 से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, 2,000 से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण तथा 1,000 से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय किसानों एवं जनजातीय समुदाय को भी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि जनपद सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को नई पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के अवसर मिलेंगे तथा सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों को प्रदेश और देश स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सोनभद्र की महिलाओं के पास हुनर, परिश्रम और आगे बढ़ने का सामर्थ्य है। ‘सोनअर्थ’ के माध्यम से उनके इस हुनर को एक सशक्त मंच मिल रहा है, जो स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।
