देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस मिशन शक्ति 6.0 के तहत लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दे रही हैं। इस दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके तथा महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस विशेष साइबर जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसमें ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली ठगी से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। लोगों को ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस द्वारा आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090 व 1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी जा रही है।
