देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर विधानसभा क्षेत्र के तियरा स्थित ब्रह्म बाबा परिसर में गुरुवार को सनातन धर्म रक्षक पुरोहित सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन सदर विधायक भूपेश चौबे द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे पुरोहितों का रामचरितमानस, अंग वस्त्र, शाल, शंख और जनेऊ देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और ब्रह्म बाबा के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद विधायक भूपेश चौबे ने एक-एक कर पुरोहितों को माला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और रामचरितमानस भेंट कर उनका अभिनंदन किया। सम्मान पाकर पुरोहितों के चेहरे खिल उठे और पूरे परिसर में जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
इस अवसर पर आयोजक सदर विधायक भूपेश चौबे ने पुरोहित समाज का सम्मान करते हुए कहा कि सनातन धर्म में बिना किसी भेदभाव के सभी के कल्याण की मंगल कामना की जाती है। पुरोहित समाज का सम्मान हर व्यक्ति करता है। कोई भी मंगल कार्य हो या अन्य कोई कार्य हो, उसमें सर्वप्रथम पुरोहित की ही जरूरत होती है। पुरोहित ही समाज को धर्म, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा में पुरोहितों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जन्म से लेकर मृत्यु तक के सभी संस्कार पुरोहितों के माध्यम से ही संपन्न होते हैं। ऐसे में पुरोहितों का सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने पुरोहित समाज को आश्वस्त किया कि उनके मान-सम्मान और हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
समारोह में उपस्थित पुरोहितों ने भी विधायक के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पुरोहित समाज का मनोबल बढ़ता है और नई पीढ़ी भी सनातन परंपरा से जुड़ने के लिए प्रेरित होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की गई थी।
रामचंद्रचंद्राचार्य पारस मिश्र जगदीश पंथी लालता प्रसाद पाठक कृष्णा तिवारी आलोक सिंह शिव कुमार शास्त्री यादवेंद्र दत्त द्विवेदी अनूप तिवारी आलोक चतुर्वेदी लक्ष्मण दुबे शिव शंकर चतुर्वेदी रवि प्रकाश चतुर्वेदी विशाल चतुर्वेदी योगेंद्र बिना दिलीप चौबे देवेश मिश्रा अनिल मिश्रा शंभू नाथ चौबे अमरेश शुक्ल नागेंद्र नाथ शुक्ला प्रेमनाथ चौबे सिद्धनाथ चौबे वेद प्रकाश त्रिपाठी यज्ञ नारायण दुबे ओम दुबे अटल बिहारी ओझा निर्भय पांडे सहित आचार्य गण मौजूद रहे।
