देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। कृषि श्रेणी की भूमि पर संचालित श्रद्धा सबूरी ढाबा को बंद कराने की मांग को लेकर भाजपा सोनभद्र नगर मंडल ने शुक्रवार को पुनः प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें ढाबे के संचालन की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ ही नगर क्षेत्र में बिना भूमि का व्यावसायिक उपयोग परिवर्तन कराए संचालित हो रहे अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि इस मामले में बीते 3 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कृषि भूमि के व्यावसायिक उपयोग के मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन कर संचालित अन्य प्रतिष्ठानों पर भी प्रशासन कार्रवाई करे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय, राकेश सोनी, अजय श्रीवास्तव, नीरज विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
