कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ईवीएम प्रदर्शन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया गया।जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में पृथक से बनाए गए ईवीएम वेयरहाउस से अपनी उपस्थिति में ईडीसी हेतु जनपद की सभी तहसीलों को ईवीएम मशीनें वितरित कराईं। इसके बाद उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु के साथ जनपद में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया और वीवीपैट से निकलने वाली पेपर पर्ची के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। मॉक बैलेट के जरिए मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर मतदाताओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। ये प्रदर्शन केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। कार्यक्रम आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक चलेगा। इसका उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
