महिला सुरक्षा के साथ साइबर अपराधों से बचाव के बताए जा रहे उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जा रही जानकारी
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही हैं।
अभियान के दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। पुलिस टीम महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित कर रही है।
वहीं, साइबर जागरूकता अभियान के तहत बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक जैसे साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया जा रहा है। लोगों को ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस द्वारा साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090, 1091 व 181 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताया जा रहा है।
सोनभद्र पुलिस ने अपील की है कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाएं। साथ ही आमजन सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर साइबर अपराधों से बचें।
.jpeg)