बोलेरो, नौ खाली जरीकेन और चोरी में प्रयुक्त पाइप बरामद, सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की भी जांच
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने एनसीएल खड़िया माइंस में डीजल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का करीब 50 लीटर डीजल, नौ खाली जरीकेन, डीजल चोरी में प्रयुक्त पाइप और एक बोलेरो वाहन बरामद किया है। मामले में एनसीएल के कुछ सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस और एनसीएल सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे एनसीएल खड़िया माइंस से अमरजीत विश्वकर्मा उर्फ मंटू (35 वर्ष), निवासी परासी, थाना अनपरा को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों की कथित मिलीभगत से डीजल चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शक्तिनगर थाने में मु0अ0सं0 194/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी शक्तिनगर थाने में मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय और कांस्टेबल अमृत लाल शामिल रहे।
