देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शासन के निर्देश पर जन शिकायतों की सुनवाई और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को जिले के नगरीय निकायों में जनसुनवाई (सम्भव) दिवस का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में अवर अभियंता राज कुमार राज की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले की दस नगरीय निकायों से कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद सोनभद्र में दो, नगर पंचायत घोरावल में एक, चुर्क-घुर्मा में दो, चोपन में पांच, ओबरा में पांच, रेनुकूट में एक, पिपरी में दो, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक तथा अनपरा में चार शिकायतें प्राप्त हुईं।
शिकायतों में मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार प्राप्त सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया।
इस अवसर पर अध्यक्षता कर रहे अवर अभियंता राज कुमार राज ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जन शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम में सभासदगण सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
