देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन पुलिस ने रविवार की भोर बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 गोवंशों को सकुशल बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गोवंशों को वध के लिए बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 4:50 बजे कोन पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर बड़ी संख्या में गोवंशों को मारते-पीटते हुए पैदल बिहार की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अमिलाधाम गरवान मार्ग के पास बहदौरा झरिया में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। मौके से कुल 25 गोवंश सकुशल बरामद किए गए। इनमें आठ बैल, तीन बछड़े, आठ गाय और छह बछिया शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम विचार (45) पुत्र स्वर्गीय मनोहर, निवासी ग्राम बेलछ, थाना चोपन, सोनभद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गोवंशों को रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और मिर्जापुर की सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों से कम कीमत पर खरीदकर ग्राम बेलछ में एकत्र किया जाता था। इसके बाद उन्हें पैदल हांकते हुए जंगल और पहाड़ी रास्तों से चेरुईगरवान, अमिलाधाम, मुहअना जंगल और बैजनाथे के रास्ते बिहार पहुंचाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, बिहार के व्यापारियों को गोवंश बेचने के बाद उन्हें वध के लिए पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में वाहनों के बजाय दुर्गम जंगल और पहाड़ी रास्तों का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
इस मामले में थाना कोन पर मु0अ0सं0-182/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। फरार चार आरोपियों तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी चकरिया उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, चौकी प्रभारी रानीडीह उपनिरीक्षक मूरली यादव सहित पुलिस टीम शामिल रही।
