कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । डालिम्स स्कूल, एनटीपीसी टांडा, अंबेडकर नगर के वार्षिक समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मुकेश यादव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी इच्छाओं और अपेक्षाओं का बोझ बच्चों पर न थोपें। प्रत्येक बच्चा अपनी अलग प्रतिभा, रुचि और क्षमता के साथ आगे बढ़ता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की रुचि एवं इच्छाओं को समझते हुए उन्हें अपनी मंजिल चुनने की स्वतंत्रता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए उन्हें अपनी पसंद का लक्ष्य निर्धारित करने में आशीर्वाद, प्रोत्साहन और सहयोग देना आवश्यक है। बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का प्रयास करना चाहिए, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुरूप सफलता प्राप्त कर सकें।
डॉ. मुकेश यादव का संदेश रहा कि बच्चों की सफलता का मार्ग उनकी रुचि, आत्मविश्वास और अभिभावकों के सकारात्मक सहयोग से होकर गुजरता है।
