देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज परिसर में व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बाजारों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पुलिस की सक्रियता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों एवं संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा।
क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखने, दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सोनभद्र पुलिस ने नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।
