देवल संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़)। बिजली बिल के बकाये की वसूली और विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर बिजली विभाग ने ग्राम कटरा नूरपुर में मेगा कैंप के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने बकायेदार उपभोक्ताओं से 1 लाख 15 हजार रुपये की राजस्व वसूली की, जबकि बिल जमा नहीं करने वाले 28 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए।
अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने कुल 110 विद्युत कनेक्शनों की जांच की। जांच में बिना मीटर के बिजली का इस्तेमाल कर रहे आठ उपभोक्ताओं के परिसरों में नए मीटर लगाए गए। इसके साथ ही तीन उपभोक्ताओं का स्वीकृत विद्युत भार भी बढ़ाया गया। विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदार उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने और नियमानुसार विद्युत कनेक्शन का इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी सुजीत कुमार ने किया। इस दौरान अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह, आनंद यादव और मोहम्मद आसिफ मौजूद रहे। वहीं फीडर मैनेजर अजय कुमार एवं सूर्यभान सहित लाइन स्टाफ ने भी अभियान में सहयोग किया। टीम में अंगद, मदन, संदीप, कल्लू पांडेय, चंद्रेश, इंद्रेश, राजेश, राजकुमार, रवि और शेखर समेत अन्य लाइनमैन शामिल रहे। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य बकाया बिजली बिलों की वसूली, बिना मीटर बिजली का उपयोग रोकना और उपभोक्ताओं को नियमित बिल भुगतान के प्रति जागरूक करना है।
