देवल संवाददाता, आजमगढ़। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने अभियान चलाया। सिविल लाइन पंचदेव चौराहे से गिरजाघर चौराहे के बीच सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सिविल लाइन चौकी की पुलिस टीम भी तैनात रही।
नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि यह मार्ग शहर के अत्यंत व्यस्त मार्गों में शामिल है। इसके किनारे दुकानदारों द्वारा अस्थायी रूप से बांस, पन्नी आदि लगाकर और सामान फैलाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इसके चलते आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। दुकानदारों को कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
दीवानी कचहरी के ठीक बगल से गुजरने वाला यह मार्ग कलेक्ट्रेट जाने का भी प्रमुख रास्ता है। ऐसे में यहां अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। शुक्रवार को नगर पालिका की टीम ने जेसीबी के साथ पहुंचकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया और रास्ते को सुगम बनाने की कार्रवाई की।
