देवल संवाददाता, आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद धर्मेंद्र यादव ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता खड़ी होगी तो फैसले बदलने पड़ेंगे।
धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के हाथ की कठपुतली बन गया है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है और चुनाव आयोग संविधान के दायरे में काम करने वाली संस्था है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति या पद संविधान से ऊपर नहीं हो सकता।
सांसद ने SIR के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का जिक्र करते हुए प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं। निर्वाचन आयोग के अनुसार फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-7 नाम हटाने या आपत्ति और फॉर्म-8 मतदाता सूची में स्थानांतरण, संशोधन अथवा ईपीआईसी से जुड़ी सेवाओं के लिए इस्तेमाल होता है।
धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि SIR के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग के भीतर एक अधिकारी को केंद्रित भूमिका देकर वोट बढ़ाने और काटने का काम कराया जा रहा है। उन्होंने इसे नियम विरुद्ध बताया। साथ ही विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों को लेकर भी उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को INDIA गठबंधन की बैठक में दो से आठ अक्टूबर तक देशभर में आंदोलन का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
गौरतलब है कि INDIA गठबंधन ने 30 सितंबर की बैठक के बाद दो से आठ अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ आयोजित करने का ऐलान किया है। छह अक्टूबर को विपक्षी सांसदों द्वारा चुनाव आयोग तक मार्च निकालने की भी घोषणा की गई है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूजा सरोज, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, एचएन सिंह पटेल, बेचई सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, डॉ. हरिराम यादव, संतोष कुमार गौतम, बबीता चौहान, सुशील आनंद, सूरज राजभर, विनीत राय, सुषमा चौहान, द्रोपती पांडेय, सिंगारी गौतम, लल्लन चौहान, प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव, अब्दुल्ला, बीरू यादव समेत पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
