पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पूजा समितियों, ग्राम प्रधानों, डीजे संचालकों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की बैठक
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जनपद में प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं थाना क्षेत्रों में उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं।
इसी क्रम में थाना बेवाना में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शांति समिति की बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक बेवाना सहित दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, डीजे संचालक, ग्राम प्रधान एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान मूर्ति स्थापना, पूजा कार्यक्रम, जुलूस एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने पूजा समितियों एवं आयोजकों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
इसी प्रकार उपजिलाधिकारियों द्वारा जनपद की विभिन्न थानों में आयोजित बैठकों में भी पूजा समितियों, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पर्व की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल, जल बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा हमारे सामाजिक सौहार्द, आस्था एवं सांस्कृतिक परंपरा के महत्वपूर्ण पर्व हैं। सभी आयोजक एवं आमजन आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। जनपद में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नियमों का उल्लंघन अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सतत निगरानी रखते हुए पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
