देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व मामलों समेत पुलिस से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं।
एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को महज औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि उसके तथ्यों की गंभीरता से जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित फरियादी को समय से उपलब्ध कराई जाए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना देरी के विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या किसी प्रकार के उत्पीड़न की शिकायत सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व संवाद मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
