देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में 01 अक्टूबर 2026 से संचारी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत गांव में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैण्डपम्प का चिन्हिकरण, नालियों की सफाई, बुखार, कुष्ठ, फाइलेरिया, क्षय, के रोगियों का चिन्हिकरण इत्यादि कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले ग्रामों में भी माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष साफ-सफाई कार्यक्रम चलाया जा रहा है, तथा लोगों को संक्रामक रोग से बचाव हेतु जागरूक किया जा रहा है।
संचारी अभियान प्रगति रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न स्तरों पर निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष युद्धस्तर पर कार्य संचालित हैं। विद्यालयों में संचारी जागरूकता रैली के कुल 2075 के लक्ष्य के सापेक्ष 83 की दैनिक प्रगति के साथ अब तक 365 की क्रमिक प्रगति हासिल कर ली गई है। ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी के 621 के लक्ष्य में 28 की दैनिक प्रगति के साथ कुल 155 फेरियां निकाली गई हैं, तथा ग्राम सभा बैठक के 621 के लक्ष्य के सापेक्ष 24 की दैनिक प्रगति के साथ 157 बैठकों का आयोजन पूरा किया जा चुका है। वातावरणीय स्वच्छता हेतु झाड़ियों की कटाई के 4204 के लक्ष्य के सापेक्ष 112 की दैनिक प्रगति के साथ कुल 937 स्थलों पर कटाई की गई है। पेयजल सुधार के तहत हैण्डपम्प मरम्मत के 2890 के लक्ष्य के मुकाबले 87 की दैनिक प्रगति के साथ 637 हैण्डपम्प दुरुस्त किए गए हैं तथा हैण्डपम्प के चबूतरे की मरम्मत के 1184 के लक्ष्य में 56 की दैनिक प्रगति के साथ 285 चबूतरे ठीक कराए गए हैं।
स्वच्छता सुदृढ़ीकरण हेतु शौचालय निर्माण के 615 के लक्ष्य के सापेक्ष 24 की दैनिक प्रगति के साथ कुल 140 शौचालयों का निर्माण किया गया है। जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने के लिए नालियों की सफाई (ग्रामीण) के 1889 के लक्ष्य के सापेक्ष 67 की दैनिक प्रगति के साथ 456 नालियां तथा नालियों की सफाई (शहरी) के 1440 के लक्ष्य के सापेक्ष 33 की दैनिक प्रगति के साथ 183 नालियों की सफाई संपन्न हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, नगरीय वार्डों में फॉगिंग के 144 के लक्ष्य के सापेक्ष 4 की दैनिक प्रगति के साथ 17 वार्डों में फॉगिंग का कार्य पूर्ण किया गया है। संक्रामक रोगों के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सूकर पालकों का संवेदीकरण के 255 के लक्ष्य के सापेक्ष 9 की दैनिक प्रगति के साथ 40 पालकों का संवेदीकरण किया गया है, तथा कृंतक नियंत्रण हेतु गोष्ठी के 621 के लक्ष्य के सापेक्ष 22 की दैनिक प्रगति के साथ कुल 113 गोष्ठियों का सफल आयोजन किया जा चुका है।
