कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और नाम विलोपन की प्रक्रिया के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता अम्बेडकर प्रतिमा के पास एकत्र हुए और चुनाव आयोग की प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे उसके मतदान के अधिकार पर भी असर पड़ सकता है। कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके नाम पर वास्तविक मतदाताओं के नाम भी सूची से हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने इसे ‘मतों की चोरी’ बताते हुए मांग की कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए और किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले पर्याप्त सत्यापन कराया जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन के स्थान पर मतपत्र से चुनाव कराने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े सवालों का स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब दिया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सड़क से संसद तक आंदोलन करने और चक्का जाम जैसे कदम उठाने की बात भी कही गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में वास्तविक मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
