कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के गौहन्ना में मंगलवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कब्जा दिलाने पहुंची टीम को महिलाओं के विरोध के चलते बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा। चार जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम करीब तीन घंटे तक मौके पर मौजूद रही, लेकिन महिलाओं के विरोध के कारण कब्जे की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि न्यायालय के आदेश पर कब्जा दिलाने की यह कार्रवाई आठवीं बार भी सफल नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, इजराय वाद संख्या 4/2022, देवनारायण बनाम झिनकू आदि मामले में न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए मंगलवार दोपहर करीब एक बजे न्यायालय के अमीन कमिश्नर के नेतृत्व में टीम गौहन्ना पहुंची। टीम के साथ चार जेसीबी मशीनें, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और कोतवाली प्रभारी भी मौजूद रहे। कार्रवाई शुरू करने की तैयारी होते ही मौके पर मौजूद महिलाओं ने जेसीबी मशीनों के सामने खड़े होकर विरोध शुरू कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद महिलाएं मशीनों के सामने डटी रहीं। इसके चलते मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही और करीब तीन घंटे तक कार्रवाई को लेकर असमंजस बना रहा। अमीन कमिश्नर ने मौके पर प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता जताई। उनका कहना था कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने के लिए प्रशासनिक तंत्र का सहयोग जरूरी है। आरोप है कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। इसके चलते पुलिस की ओर से भी कब्जे की कार्रवाई आगे बढ़ाने में असमर्थता जताई गई।
काफी देर तक विरोध और प्रशासनिक सहयोग की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बाद न्यायालय की टीम बिना कब्जा दिलाए वापस लौट गई। अमीन कमिश्नर ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट जनपद न्यायाधीश और संबंधित सिविल जज को भेजी जाएगी। अब मामले में आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय न्यायालय स्तर से लिया जाएगा।
