प्रिंसिपल इलेवन को विजेता घोषित किया गया, डॉ. बृजेश कुमार बने मैन ऑफ द मैच
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।MRAMC क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार को प्रिंसिपल इलेवन और सीएमएस इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। हालांकि, बारिश के कारण मैच को बीच में ही रोकना पड़ा, जिसके बाद नियमानुसार प्रिंसिपल इलेवन को विजेता घोषित किया गया।
मैच में टॉस जीतकर सीएमएस इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रिंसिपल इलेवन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान बारिश शुरू होने के कारण खेल रोकना पड़ा। उस समय प्रिंसिपल इलेवन को जीत के लिए 2 ओवर में 12 रन बनाने थे और उसके 5 विकेट शेष थे। निर्धारित नियमों के अनुसार प्रिंसिपल इलेवन को विजेता घोषित किया गया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीएमएस के डॉ. बृजेश कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि डॉ. प्रमोद यादव को बेस्ट बॉलर का खिताब प्रदान किया गया। डॉ. विजय यादव और डॉ. जहीर अहमद ने शानदार क्षेत्ररक्षण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, डॉ. चंद्रभान और डॉ. अभिषेक पांडेय ने अंपायर की भूमिका निभाई तथा डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने प्रभावशाली कमेंट्री से मैच का रोमांच बनाए रखा।
बारिश के बीच भी खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने नमस्ते मे प्याज के पकौड़े, पोहा और चाय का आनंद लेते हुए इस आयोजन को यादगार बनाया। खेल के साथ आपसी मेल-मिलाप और सौहार्द का यह दृश्य आयोजन की विशेषता रहा।
मैच के समापन पर प्रिंसिपल डॉ. मुकेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बारिश के बावजूद सभी की उपस्थिति खेल भावना और खेल के प्रति सम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमें आपसी सौहार्द, सहयोग और सद्भाव के साथ रहने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आयोजन में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और स्वस्थ वातावरण विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है।
मैत्री क्रिकेट मैच ने सभी प्रतिभागियों के बीच उत्साह, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस मैत्री क्रिकेट मैच के सफल आयोजन में डॉ. अमोद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सक्रिय सहयोग और प्रयासों से आयोजन को बेहतर बनाने में मदद मिली।
