नई परंपरा की अनुमति नहीं, अफवाह और फेक न्यूज से रहें सतर्क - डीएम चर्चित गौड़
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 08 अक्टूबर 2026। आगामी नवरात्रि, रामलीला, दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, प्रबुद्धजन, पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में आयोजक समितियां और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और प्रमुख आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आयोजन समितियों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने आयोजन स्थलों पर पुलिस सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने और स्थानीय धर्मगुरुओं, आयोजन समितियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।
फेक न्यूज और अफवाहों पर रखें नजर
डीएम ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और फेक न्यूज को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक एवं असत्य सूचनाओं पर ध्यान न दें और ऐसी किसी भी सूचना के प्रसार से बचें। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में पर्वों को देखते हुए विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर हैं। सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुनाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रॉबर्ट्सगंज, उप जिलाधिकारी ओबरा, क्षेत्राधिकारीगण सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
