देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र । जनपद सोनभद्र में आगामी 01 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाली मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर से संबंधित एक बैठक बुधवार दिनांक 07 अक्टूबर को सचिव ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के विश्राम कक्ष में आहूत की गयी।
उक्त बैठक में मुख्य रूप से अपर ज़िलाधिकारी वागेश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (Dy. CMO) डॉ. एस.के. जायसवाल एवं परियोजना निदेशक (PD DRDA) हेमनाथ देव पांडेय उपस्थित रहे ।
सचिव ने अधिकारियों को बताया कि 01 नवम्बर 2026 को जनपद सोनभद्र में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस शिविर के माध्यम से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, निर्धन वर्ग तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि लघु जागरूकता शिविरों के माध्यम से लाभार्थियों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से मेगा शिविर को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर अभियान के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अन्त में नालसा द्वारा चलायी जा रही सभी स्कीमों के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह जानकारी राहुल, सिविल जज, सी0डी0/सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र द्वारा दी गई।
