देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद कचहरी तिराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद गठबंधन नेताओं ने कचहरी परिसर पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के सवाल पर मजबूती से अपनी आवाज उठा रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि “भाजपा हटेगी, तब विकसित भारत बनेगा और तब हिंदुस्तानियत बचेगी।” उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की आशंकाओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता राघवेंद्र तिवारी और जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ ने कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग संघर्ष से घबराने वाले नहीं हैं। वहीं कम्युनिस्ट नेता नंदलाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए के लोगों से घबरा रही है और गठबंधन के सभी दल मिलकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करेंगे।
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, रमेशचंद्र दुबे और परमेश्वर दयाल ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाए जाने पर भाजपा के नेताओं के सामने आने से आयोग की कार्यप्रणाली पर संदेह पैदा होता है।
इस दौरान चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, आशुतोष दुबे, जय प्रकाश उर्फ चेखूर पांडे, अनिल प्रधान, राम प्यारे सिंह पटेल, वेदमणि शुक्ला, गीता गौर, मन्नू पांडे, विजय शंकर जायसवाल, विजय यादव, सुनील गौड़, श्याम बिहारी यादव, डॉ. रवि गौड़, लोकपति सिंह पटेल, संतोष पासवान, डॉ. केडी सिंह पटेल, सरदार पारब्रह्म सिंह, हिदायत उल्ला खान, बबलू धागर, ज्योतिष गौतम, पवन पटेल, लालू भारती, प्रशांत सिंह, प्रदीप कनौजिया, कृपा शंकर चौहान, दीपक केसरी, विमलेश, कामरान खान, सत्यम पांडे, भोलानाथ निषाद, बुद्धि नारायण, अभय सहित इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।